दि. 27 अगस्त 2026
-: प्रेस विज्ञप्ति :-
नेपाल में भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर अभाविप ने जताया शोक, प्रभावितों के प्रति व्यक्त की संवेदना
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नेपाल के रसुवा, नुवाकोट और धादिङ जिलों में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर शोक एवं संवेदना प्रकट करती है। यह अत्यंत पीड़ादायक है कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण लाखों लोग प्रभावित हुए हैं तथा अनेक परिवारों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है। बाढ़ के कारण तीर्थयात्रियों सहित कई लोगों के लापता होने तथा अस्पतालों, विद्यालयों, पुलिस चौकियों, पुलों एवं अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों के क्षतिग्रस्त होने की खबर अत्यंत चिंताजनक है।
अभाविप इस कठिन घड़ी में नेपाल के अपने बंधु-भगिनियों के साथ खड़ी है। अभाविप प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती है तथा सभी लापता लोगों की शीघ्र तलाश एवं सुरक्षित वापसी की कामना करती है। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित कर पीड़ितों तक आवश्यक सहायता शीघ्र पहुँचाने की अपील करती है। अभाविप भारत सरकार द्वारा नेपाल में बाढ़ प्रभावितों के लिए 10 टन राहत सामग्री विमान के माध्यम से तत्काल भेजे जाने के निर्णय का स्वागत करती है। भारत सरकार की यह त्वरित सहायता संकट की घड़ी में नेपाल के प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और भारत-नेपाल के आत्मीय संबंधों को भी मजबूत करती है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने कहा, "नेपाल में आई इस भीषण प्राकृतिक आपदा से हुई जनहानि अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। संकट की इस घड़ी में अभाविप नेपाल के प्रभावित बंधु-भगिनियों के साथ पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ खड़ी है। भारत सरकार द्वारा 10 टन राहत सामग्री तत्काल नेपाल भेजने का निर्णय सराहनीय है। इस त्वरित सहायता से प्रभावित लोगों तक आवश्यक सामग्री पहुँचाने और राहत कार्यों को गति देने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। हमारी प्रार्थना है कि सभी लापता लोगों का शीघ्र पता चले तथा राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता जल्द से जल्द प्राप्त हो। भारत और नेपाल के बीच के आत्मीय संबंधों की भावना के अनुरूप हम इस कठिन समय में नेपाल के लोगों के साथ हैं।"
(यह प्रेस विज्ञप्ति केन्द्रीय कार्यालय मंत्री श्री अनूप सिंह द्वारा जारी की गई है।)