विद्यार्थियों के संवाद एवं सहयोग हेतु अभाविप ने जारी किए आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर

दि. 7 मई 2026

 

-: प्रेस विज्ञप्ति :-

 

विद्यार्थियों के संवाद एवं सहयोग हेतु अभाविप ने जारी किए आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर

 

परिसरों में अभाविप के नाम के दुरुपयोग की जानकारी देने हेतु अपील: अभाविप

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हाल में पश्चिम बंगाल चुनाव में राज्य को भयमुक्त, लोकतांत्रिक एवं राष्ट्रवादी वातावरण की दिशा में मिले जनादेश का स्वागत करती है और आशा करती है कि पश्चिम बंगाल के शैक्षणिक परिसरों में भी सकारात्मक, स्वस्थ एवं निर्भय वातावरण सुदृढ़ होगा। अभाविप सदैव ही सकारात्मक एवं भयमुक्त शैक्षिक परिवेश की पक्षधर रही है, ऐसे में पश्चिम बंगाल में भी विद्यार्थी खुलकर अपने विचार व्यक्त कर सके ऐसा वातावरण बनाना आवश्यक है।

 

इन सकारात्मक परिवर्तनों के मध्य समाज एवं शैक्षणिक परिसरों में ऐसे कुछ तत्व भी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं जो स्वयं को अभाविप का कार्यकर्ता या प्रतिनिधि बताकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न करने का प्रयास कर रहे हैं। अभाविप स्पष्ट करती है कि वह सदैव अनुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों, छात्रहित एवं सकारात्मक छात्र आंदोलन की परंपरा में विश्वास रखती है। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि, अशांति अथवा अराजक वातावरण से अभाविप का कोई संबंध नहीं है।

 

अभाविप यह भी मानती है कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय तक भय और हिंसा के वातावरण के कारण अनेक विद्यार्थी खुलकर राष्ट्रवादी छात्र आंदोलन से जुड़ने में असमर्थ रहे। ऐसे सभी विद्यार्थी जो सकारात्मक सोच, छात्रहित और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ अभाविप से जुड़ना चाहते हैं, अभाविप उनका सहृदय स्वागत करती है। विद्यार्थियों की सुविधा एवं संवाद को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से अभाविप, पश्चिम बंगाल ने अपने विभिन्न जिला एवं नगर इकाइयों के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। साथ ही प्रदेश स्तर पर एक केंद्रीकृत हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी संगठन के अधिकृत कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क कर सकते हैं, संगठनात्मक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर सहायता भी ले सकते हैं।

 

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि, "अभाविप शैक्षणिक परिसरों में छात्रों के राष्ट्रोन्मुख समग्र विकास हेतु निरंतर कार्य करती रही है। ऐसे में विद्यार्थी परिषद का सदस्य बताकर भ्रम एवं अराजकता की स्थिति उत्पन्न करना अत्यंत दुखद और अनुचित है, जिसका अभाविप स्पष्ट रूप से खंडन करती है तथा विद्यार्थियों एवं नागरिकों से आग्रह करती है कि वे किसी भी प्रकार के भ्रम या भ्रामक प्रस्तुतियों से बचें तथा केवल संगठन के आधिकारिक माध्यमों एवं अधिकृत कार्यकर्ताओं से ही संपर्क करें। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पश्चिम बंगाल में विद्यार्थी हित, शैक्षणिक गरिमा एवं सकारात्मक छात्र नेतृत्व को सशक्त बनाने हेतु निरंतर कार्य करती रहेगी।"

(यह प्रेस विज्ञप्ति केन्द्रीय कार्यालय मंत्री श्री सौरभ पाण्डेय द्वारा जारी की गई है)

Images