JPSC-JSSC परीक्षा अनियमितताओं की जांच CBI से कराए झारखंड सरकार; दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई: अभाविप

  दि. 12 अगस्त 2026

-: प्रेस विज्ञप्ति :-

JPSC-JSSC परीक्षा अनियमितताओं की जांच CBI से कराए झारखंड सरकार; दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई: अभाविप

 

विद्यार्थियों की आवाज दबाने की जगह CBI जांच कराए सरकार, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई; न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष: डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी

 

JSSC CGL परीक्षा की शुचिता पर उठे गंभीर सवालों के मद्देनजर इसे तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए: डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी

 

 

झारखंड के विद्यार्थियों के न्याय के लिए जनप्रतिनिधियों से संवाद और हर जिले-परिसर में आंदोलन; देशभर की विद्यार्थी शक्ति को करेंगे लामबंद: डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं एवं पेपर लीक के मामलों की CBI से निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। राज्य सरकार द्वारा जांच के लिए गठित SIT में बार-बार बदलाव किए जाने से उसकी विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। जब सरकार स्वयं जांच के लिए गठित SIT को बार-बार बदल रही है, तो उसकी जांच पर विद्यार्थियों का विश्वास कैसे कायम रह सकता है। ऐसी स्थिति में झारखंड के विद्यार्थियों को न्याय दिलाने के लिए CBI जांच ही एकमात्र विश्वसनीय विकल्प है। अभाविप ने मांग की है कि JPSC एवं JSSC से संबंधित सभी संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द कर निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों एवं अन्य जिम्मेदार व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। JSSC CGL परीक्षा, जिसकी शुचिता को लेकर गंभीर संदेह उत्पन्न हुआ है, उसे तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाना चाहिए।

 

अभाविप पिछले 30-31 जुलाई से लगातार विद्यार्थियों के आंदोलन के साथ खड़ी है। जिला एवं प्रदेश स्तर पर आंदोलन और प्रदर्शन किए गए हैं। 10 अगस्त को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज एवं वॉटर कैनन का प्रयोग किया गया और 11 अगस्त को अभाविप के नेतृत्व में विधानसभा घेराव कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किया गया और सैकड़ों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही प्रदेशभर से रांची आ रहे विद्यार्थियों एवं कार्यकर्ताओं को विभिन्न स्थानों पर रोकने के प्रयास किए गए। लगातार दो दिनों तक हुई लाठीचार्ज की घटनाएं, विद्यार्थियों की गिरफ्तारी तथा प्रदेशभर से रांची आ रहे विद्यार्थियों को रोकने के प्रयास झारखंड सरकार के विद्यार्थी विरोधी चरित्र को स्पष्ट रूप से उजागर करते हैं। झारखंड के विद्यार्थियों की न्यायोचित मांगों के समर्थन में आगामी दिनों में अभाविप प्रदेशभर में जनप्रतिनिधियों तथा हितधारकों से मिलकर इस विषय को उठाएगी। प्रत्येक जिले एवं परिसर में आंदोलन, प्रदर्शन एवं अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही देशभर की विद्यार्थी शक्ति को झारखंड के विद्यार्थियों के न्याय के लिए लामबंद करते हुए देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। विद्यार्थियों की आवाज को लाठीचार्ज, गिरफ्तारी और प्रशासनिक दमन से दबाया नहीं जा सकता। अभाविप विद्यार्थियों की समस्याओं के न्यायपूर्ण समाधान तक संघर्षरत रहेगी।

 

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा, "JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के गंभीर मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए अब CBI जांच आवश्यक है। SIT में बार-बार बदलाव किए जाने से उसकी विश्वसनीयता पर स्वयं सरकार ने प्रश्न खड़े किए हैं। JSSC CGL परीक्षा, जिसकी शुचिता को लेकर गंभीर संदेह है, उसे तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाना चाहिए। साथ ही, संस्थागत सुधार किए जाने हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएं। विद्यार्थियों की मांगों का समाधान करने की जगह लगातार दो दिनों तक उन पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारियां करना झारखंड सरकार के विद्यार्थी विरोधी रवैये को दर्शाता है। अभाविप विद्यार्थियों की न्यायोचित मांगों को लेकर प्रदेशभर में जनप्रतिनिधियों व हितधारकों से मिलकर इस विषय को प्रमुखता से उठाएगी तथा प्रत्येक जिले और परिसर में आंदोलन चलाएगी। देशभर की विद्यार्थी शक्ति को झारखंड के विद्यार्थियों के न्याय के लिए लामबंद करते हुए अभाविप देशव्यापी आंदोलन करेगी। विद्यार्थियों को न्याय मिलने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई होने तक हमारा लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।"

 

अभाविप झारखंड के प्रदेश मंत्री श्री प्रकाश टूटी ने कहा, "विद्यार्थी लंबे समय से JPSC एवं JSSC परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं के विरुद्ध न्याय की मांग कर रहे हैं। सरकार को विद्यार्थियों की आवाज दबाने के बजाय CBI से निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। संदिग्ध परीक्षाओं को रद्द कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए। विद्यार्थियों को न्याय मिलने तक अभाविप हर जिले और परिसर में आंदोलन जारी रखेगी और यदि शीघ्र समस्याओं का निवारण नहीं किया गया तो अभाविप इस विषय को लेकर देशव्यापी आंदोलन करेगी।"

 

(यह प्रेस विज्ञप्ति केन्द्रीय कार्यालय मंत्री श्री अनूप सिंह द्वारा जारी की गई है)

Images