प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुख्य प्रशासक परम श्रद्धेय दादी रतन मोहिनी जी के गोलोकगमन पर शोक संदेश

दि. 09 अप्रैल 2025

-:शोक संदेश:-

 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय संस्कृति एवं अध्यात्म के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान देने वाली तपस्विनी, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की मुख्य प्रशासिका परम श्रद्धेय दादी रतन मोहिनी जी के महाप्रयाण पर अपनी गहरी संवेदना एवं श्रद्धांजलि अर्पित करती है। दादी रतन मोहिनी जी का सम्पूर्ण जीवन सेवा, साधना और संस्कार की त्रिवेणी रहा, जिसने अनगिनत जीवनों को दिशा दी। वे भारतीय नारी के उस तेजस्वी स्वरूप की प्रतीक थीं, जिनकी साधना में करुणा थी, नेतृत्व में दृढ़ता थी और व्यक्तित्व में दिव्यता।

 

दादी रतन मोहिनी जी का जीवन अध्यात्मिक साधना, समाजसेवा एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु अनुपम प्रेरणास्रोत रहा। मात्र 12 वर्ष की आयु में ब्रह्माकुमारी संस्थान से जुड़कर उन्होंने अपने जीवन की संपूर्ण तपस्या इस महान संस्था की सेवा में समर्पित कर दी। उनके नेतृत्व में संस्था ने अनेक उल्लेखनीय कार्य किए, जिनमें वर्ष 1985 की 'भारत एकता युवा यात्रा' विशेष रूप से स्मरणीय है, जिसमें उन्होंने 12,550 किलोमीटर की दूरी तय की। यही नहीं, उन्होंने 70,000 किलोमीटर से अधिक की पदयात्रा कर नारी सशक्तिकरण, युवाओं में जागरूकता और मूल्यों पर आधारित जीवनशैली को समाज में प्रतिष्ठित करने का संकल्प सिद्ध किया।

 

दादी रतन मोहिनी जी की आध्यात्मिक यात्रा केवल आत्मोत्थान तक सीमित नहीं रही, अपितु उन्होंने राष्ट्र जागरण, नारी गरिमा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का युगधर्म निभाया। उनका जीवन एक सजीव संदेश बन गया—कैसे सेवा को साधना बनाया जाए और साधना को समाजोत्थान का सशक्त माध्यम। उन्होंने अपने चिंतन, आचरण और कर्म से भारत के युवाओं को यह सिखाया कि आत्मानुशासन, श्रद्धा, और संकल्प ही स्थायी परिवर्तन की नींव होते हैं। अभाविप परिवार उनकी अमूल्य आध्यात्मिक विरासत, प्रेरणास्पद तपस्या और भारतीय संस्कृति के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को श्रद्धापूर्वक नमन करता है।

 

शरीर पूर्ण होने के इस दुखद क्षण पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजशरण शाही, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री आशीष चौहान तथा रा.का.प विशेष निमंत्रित सदस्य प्रा. मिलिंद मराठे ने अभाविप कार्यकर्ताओं की ओर से अंतिम प्रणाम निवेदित करते हुए, उनसे प्रेरणा पाए हुए असंख्य अनुयायियों के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं और दिवंगत आत्मा की परम सद्गति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।

(यह शोक संदेश केन्द्रीय कार्यालय मंत्री श्री सौरभ पाण्डेय द्वारा जारी किया गया है)

Images