दि. 3 जनवरी 2026
-: शोक संदेश:-
अभाविप के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. अशोक गजानन मोड़क का निधन।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. अशोक गजानन मोड़क का निधन विद्यार्थी परिषद परिवार सहित सम्पूर्ण देश-समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उनका बहुआयामी व्यक्तित्व—कुशल शैक्षणिक प्रशासक, गहन विचारक, प्रखर लेखक एवं दूरदर्शी राजनेता के रूप में—समाज को सार्थक दिशा प्रदान करने वाला रहा। वर्ष 1985 से 1989 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में प्रो अशोक गजानन मोड़क ने शिक्षा तथा समाज क्षेत्र में व्यापक सुधार की दिशा में विद्यार्थी परिषद के प्रयासों का कुशल नेतृत्व किया।
प्रो. अशोक गजानन मोड़क ने अर्थशास्त्र एवं राजनीति विज्ञान में एम.ए., तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से 'भारत को सोवियत आर्थिक सहायता' विषय पर पीएच.डी. प्राप्त की। मुंबई विश्वविद्यालय के सोवियत अध्ययन केंद्र में रीडर, केंद्रीय यूरेशियाई अध्ययन केंद्र में एडजंक्ट प्रोफेसर, तथा गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, बिलासपुर के कुलाधिपति के रूप में उन्होंने अकादमिक जगत को समृद्ध किया। 1994 से 2006 तक महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य रहे, जहाँ सर्वश्रेष्ठ सदस्य पुरस्कार सहित अनेक सम्मानों से पुरस्कृत किया गया। वर्ष 2015 से 2020 तक भारत सरकार द्वारा उनकी अति प्रतिष्ठित राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर की नियुक्ति एवं भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के कार्यकारी सदस्य के रूप में उनका हस्तक्षेप उल्लेखनीय रहा। उन्होंने 40 से अधिक पुस्तकें लिखीं, 200 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए, तथा नई दिल्ली, मॉस्को, द हेग, व लंदन में शोध कार्य किया।
प्रो. अशोक राव मोड़क भारतीय विचार तथा संस्कृति के उच्च कोटि के विद्वान थे, उनके समय-समय पर उत्कृष्ट व्याख्यानों ने भारतीय संस्कृति तथा विचार के विभिन्न पक्षों को प्रकाशित किया। भारतीय विचार व मूल्यों से अनुप्राणित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार की उन्हें गहरी समझ थी।
अभाविप के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. रघुराज किशोर तिवारी, राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेन्द्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री आशीष चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री देवदत्त जोशी तथा राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद के विशेष निमंत्रित सदस्य प्राध्यापक मिलिंद मराठे ने शोकाकुल परिवार एवं शुभचिंतकों के प्रति विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं की गहन संवेदना व्यक्त करते हुए प्रो. अशोक गजानन मोड़क की आत्मा की सद्गति हेतु प्रार्थना की। उनका बहुआयामी व्यक्तित्व अभाविप कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्र के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत होगा।
(यह शोक संदेश केन्द्रीय कार्यालय मंत्री श्री सौरभ पाण्डेय द्वारा जारी किया गया है।)